यू -टयूबर पर जानलेवा हमला करने वाला 1 लाख का इनामी मुठभेड़ में ढेर

एनसीआर डिजिटल चैनल रविंद्र भाटी

लोनी में यूट्यूबर सलीम पर हमले के आरोपी बदमाश से पुलिस की मुठभेड़ हुई। करीब 10 मिनट चली फायरिंग में बदमाश घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आरोपी की पहचान जीशान के रूप में हुई है।
गाजियाबाद/लोनी। लोनी में यू-ट्यूबर सलीम वास्तविक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले एक लाख रुपये के इनामी बदमाशों के साथ रविवार रात निठाैरा अंडरपास के नजदीक पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इसमें गोली लगने से गंभीर रूप से घायल बदमाश की अस्पताल में मौत हो गई। मृतक की पहचान जीशान के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि उसी ने सलीम पर चाकू से हमला किया था। इस मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
इसके बाद पुलिस ने कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों को चेक किया और जहां कुर्ता पजामा से जीशान और उसके भाई की पहचान हुई। वह अमरोहा का रहने वाला था और हाल में खोड़ा के मंगल बाजार के पास किराये पर रहता था। जीशान और उसके भाई गुलफाम पर 1 लाख रुपये का इनाम रखा गया और पुलिस को उसके पीछे लगाया गया। जीशान ने अपने भाई के साथ मिलकर 26 फरवरी को सलीम पर चाकू से कई-कई वार किए थे। सलीम का इलाज अस्पताल में चल रहा है। दोनों ने उनके धर्म से जुड़े पोस्ट डालने से नाराज होकर वारदात को अंजाम दिया
डीसीपी देहात ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों से हमलावर जीशान और उसके साथी की पहचान के बाद पुलिस की टीम उनकी जानकारी जुटा रही थी, इसी बीच आरोपियों के निठौरा की तरफ आने की सूचना मिली। इसी आधार पर रात करीब सवा नौ बजे निठौरा अंडरपास पर पुलिस चेकिंग में लगी हुई थी, तभी बाइक पर दोनों आए और उन्होंने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पीछा करने पर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की। उन्होंने वहां से भागने का प्रयास किया, इसमें बाइक फिसल गई और दोनों गिर गए। जहां दोनों बदमाश एक प्लॉट की बाउंड्री के पीछे से पुलिस पर कई राउंड फायरिंग करने लगे।
मुठभेड़ के दौरान लोनी थाना प्रभारी नितिन चौधरी की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी। वहीं सचिन कुमार और विपिन ठाकुर बदमाशों की गोली से घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में जीशान के पैर और सीने में पुलिस की गोली लगी और वह गिर गया। उसका भाई अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। दूसरी तरफ जीशान को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। उसके आपराधिक इतिहास के बारे में जांच की जा रही है। उसके पास से एक मेड इन इटली पिस्टल, 6 कारतूस और बाइक बरामद की गई है।

Post Comment

You May Have Missed