घरेलू गैस की कालाबाजारी पर सात लोगों पर एफआईआर दर्ज
एनसीआर डिजिटल चैनल रविंद्र भाटी
फरीदाबाद। शहर में रसोई गैस की बढ़ती किल्लत के बीच खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ अपनी कमर कस ली है। विभाग ने मंगलवार को कार्रवाई को अंजाम देते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले सात लोगों के खिलाफ विभिन्न थानों में एफआईआर दर्ज कराई है।
ये लोग घरेलू गैस सिलिंडर का व्यावसायिक उपयोग कर रहे थे या अवैध तरीके से ऊंचे दामों पर गैस बेच रहे थे। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कविता सिंह परिहार के कुशल नेतृत्व में गठित टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की। इस टीम में निरीक्षक हिमालय कौशिक और निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सहित कई विभागीय अधिकारी शामिल रहे। जांच के दौरान ओल्ड फरीदाबाद, पल्ला, सेक्टर-31, भूपानी और बीपीटीपी जैसे क्षेत्रों में तलाशी ली गई। कार्रवाई के दौरान कुल 26 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किए गए। जांच में सामने आया कि इनमें से 15 सिलिंडरों का उपयोग अवैध रूप से छोटे सिलिंडर में गैस भरने के लिए किया जा रहा था, ताकि उन्हें बाजार में मनमानी कीमतों पर बेचा जा सके। शेष तीन सिलिंडर होटल और रेस्तरां में व्यावसायिक उपयोग के लिए रखे गए थे, जो कि कानूनन अपराध है
विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घरेलू सिलिंडर का कमर्शियल उपयोग न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह आम जनता के हिस्से की गैस पर डाका डालने जैसा है। पकड़े गए आरोपियों, जिनमें होटल संचालक और वेंडर शामिल हैं, के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कालाबाजारी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
गैस एजेंसियों पर भी गिरी गाज
सिर्फ छोटे दुकानदारों और वेंडरों पर ही नहीं, बल्कि विभाग की सभी पर नजर है। बल्लभगढ़ स्थित उदयदीप और आदर्श गैस एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इन पर आरोप है कि ये निर्धारित सरकारी दरों से अधिक कीमत पर उपभोक्ताओं को गैस मुहैया करा रहे थे। डीएफएससी कविता सिंह परिहार ने बताया कि इन एजेंसियों की धांधली की शिकायत मिलने के बाद छापेमारी की गई थी। फिलहाल विभाग को इनके जवाब का इंतजार है, जिसके आधार पर आगामी कार्रवाई (जैसे लाइसेंस निलंबन) सुनिश्चित की जाएगी

Post Comment