बदरपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर विधायक राम सिंह नेताजी ने की निगम आयुक्त से चर्चा
एनसीआर डिजीटल चैनल रविंद्र भाटी
आज दिल्ली नगर निगम के आयुक्त श्री संजीव खिरवार जी से मुलाकात कर बदरपुर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित नगर निगम की विभिन्न समस्याओं एवं जनहित की मांगों पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर निम्नलिखित प्रमुख विषय उनके समक्ष रखे गए:
1. मीठापुर स्थित हरियाणा पॉण्ड के आसपास सफाई
मीठापुर स्थित हरियाणा पॉण्ड के चारों ओर कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं, जिन्हें हटाना नगर निगम का दायित्व है। मांग की गई कि वहां से तत्काल कूड़ा हटाया जाए तथा उस जगह के चारों ओर नाले का निर्माण एवम् मेट्रो शीट लगाने का कार्य किया जाए, ताकि गंदगी दूर हो और किसी भी प्रकार की अनहोनी घटना की संभावना को रोका जा सके।
2. बदरपुर गाँव एवं डीडीए फ्लैट्स के प्रवेश द्वार के पास स्थित कूड़ाघर का स्थानांतरण
बदरपुर गाँव एवं डीडीए फ्लैट्स के प्रवेश द्वार के समीप स्थित कूड़ाघर को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि प्रवेश द्वार पर स्वच्छता एवम् सुन्दरता सुनिश्चित कि जा सके।
3. जर्जर सार्वजनिक शौचालय के स्थान पर पुस्तकालय निर्माण
बदरपुर गाँव एवं डीडीए फ्लैट्स के प्रवेश द्वार पर नगर निगम का एक पुराना शौचालय स्थित है, जो जर्जर अवस्था में बंद पड़ा है और उपयोग योग्य नहीं है। मांग की गई कि इस स्थान पर एक पुस्तकालय का निर्माण कराया जाए, जिससे क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों को लाभ मिल सके।
4. मोलडबंद विस्तार, मोहन बाबा नगर एवं ताजपुर पहाड़ी की जलनिकासी समस्या का स्थायी समाधान
इन क्षेत्रों की जलनिकासी खदानों में लगे नगर निगम के पम्पों के माध्यम से की जाती है। इन पम्पों के संचालन से मोलडबंद विस्तार मार्केट में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। सुझाव दिया गया कि इन पम्पों को मोहन बाबा नगर के पीछे से हटाकर जैतपुर रोड के पास पम्प हाउस बनाकर स्थापित किया जाए तथा वहां से एक नई पाइपलाइन सीधे गुड़गांव नहर तक डाली जाए, जिससे इस समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सके।
5. बदरपुर गाँव के नगर निगम बारातघर की मरम्मत
बदरपुर गाँव स्थित नगर निगम के बारातघर की स्थिति अत्यंत दयनीय है। इसकी समुचित मरम्मत की आवश्यकता है, जिसमें दीवारें, शौचालय, गेट, लाइटें, शेड आदि सभी आवश्यक कार्य शामिल हैं।
6. गौतमपुरी-मोलडबंद पुनर्वास कॉलोनी के बीच स्थित कूड़ा ढलाव घर का स्थानांतरण
गौतमपुरी-मोलडबंद पुनर्वास कॉलोनी के बीचों-बीच स्थित कूड़े के ढलाव के कारण स्थानीय निवासियों को अत्यंत कठिन और अस्वस्थ परिस्थितियों में जीवन व्यतीत करना पड़ रहा है। यह ढलाव घर पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। मांग की गई कि इसे कॉलोनी के बाहर किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
इस अवसर पर मोलरबंद वार्ड से निगम पार्षद श्री हेमचंद गोयल जी व नगर निगम के उच्च अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।



Post Comment