सरिता विहार में मां बेटी की गला घोट कर हत्या
NCR Digital Channel:
नई दिल्ली: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली का सरिता विहार इलाका शुक्रवार रात उस वक्त दहल गया, जब अली विहार स्थित भीम कॉलोनी के एक घर से मां और उसकी छह वर्षीय मासूम बेटी के शव बरामद हुए। हत्यारों ने वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्यों को छिपाने के उद्देश्य से दोनों शवों को बेड के स्टोरेज बॉक्स में डाल दिया था। पुलिस को प्राथमिक जांच में घर के ही एक पड़ोसी पर शक है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे पीसीआर को सूचना मिली थी कि भीम कॉलोनी के एक मकान में दो लोग अचेत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी (SHO) सरिता विहार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे की तलाशी लेने पर पुलिस की रूह कांप गई जब बेड बॉक्स के अंदर 35 वर्षीय ज्योति और उनकी 6 साल की बेटी के शव बरामद हुए। आनन-फानन में दोनों को एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत अवस्था में लाया गया घोषित कर दिया।
शनिवार को आए शुरुआती पोस्टमॉर्टम संकेत चौंकाने वाले हैं। हालांकि मृतकों के शरीर पर बाहर से चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं थे, लेकिन डॉक्टरों के अनुसार मौत की वजह गला घोंटना और दम घोंटना पाया गया है। पुलिस अब विस्तृत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के सटीक समय का पता चल सके।



Post Comment