शादी के अगले ही दिन दूल्हे की हत्या करने वाला दोषी करार
एनसीआर डिजिटल चैनल रविंद्र भाटी
फरीदाबाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश संदीप गर्ग की अदालत ने करीब तीन साल पुराने हत्याकांड में अपना फैसला सुनाते हुए आरोपी साकिब को दोषी करार दिया है। इस मामले में सजा का एलान छह मार्च को किया जाएगा
यह मामला बेहद दर्दनाक था क्योंकि मृतक मोहम्मद कैफ की वारदात से महज एक दिन पहले ही शादी हुई थी और खुशियों वाले घर में मातम पसर गया था। घटनाक्रम के अनुसार जून 2023 में गांव कुरैशीपुर निवासी मोहम्मद कैफ अपनी शादी का सामान खरीदने बाजार गया था, जहां गांव के ही साकिब के साथ उसकी मामूली कहासुनी हुई थी। हालांकि शादी के माहौल को देखते हुए तब समझौता करा दिया गया था लेकिन साकिब ने मन में रंजिश पाल ली। शादी के अगले दिन जब कैफ मस्जिद के बाहर खड़ा था तब आरोपियों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि साकिब ने पास की दुकान से कैंची लाकर कैफ की छाती पर वार किए, जिसके बाद अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, लेकिन उस वक्त मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में साकिब सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। लंबी सुनवाई के दौरान गवाहों के बयान और फॉरेंसिक रिपोर्ट ने अभियोजन पक्ष के दावे को मजबूती दी। हालांकि अदालत ने साक्ष्य के अभाव में साजिद नामक एक अन्य आरोपी को बरी कर दिया और दो अन्य को जांच के दौरान पहले ही बाहर कर दिया गया था।


Post Comment