कार खड़ी करने के विवाद में डाक्टर पर हमला, आईसीयू में भर्ती
एनसीआर डिजिटल चैनल रविंद्र भाटी
बयान देने की स्थितिमे नहीं है पीड़ित सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस फरीदाबाद होली के दिन पल्ला थाना क्षेत्र से मारपीट का मामला सामने आया, जहां क्लीनिक के बाहर कार खड़ी करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने एक डाक्टर पर डंडे व धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद मौजूद लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह का कहना है कि अभी डॉक्टर बयान देने की स्थिति में नहीं है। उनके ठीक होने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे आरोपितों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
फिलहाल डॉक्टर की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल आईसीयू में भर्ती है। गंभीर स्थिति के चलते पुलिस ने अभी तक बयान दर्ज नहीं कर पाई है। पड़ोसियों से मिली जानकारी के मुताबिक डॉ. प्रीतम पल्ला इलाके में ही रहते हैं और आदिका नाम से अपना क्लीनिक चलाते हैं। होली के दिन सुबह वे क्लीनिक खोलने के लिए पहुंचे थे, लेकिन क्लीनिक के बाहर कार खड़ी होने के चलते वे अपना क्लीनिक का शटर नहीं खोल पा रहे थे। करीब एक घंटे इंतजार के बाद कुछ युवक कार के पास आए। डॉ. प्रीतम ने उनसे कार हटाने के लिए कहा, लेकिन युवकों ने कार नहीं हटाई और डॉ. से बहस करने लगे। इसके कुछ ही देर में उन युवकों ने फोन कर दस से 12 युवक बुला लिए।
सभी ने मिलकर डॉ. की डंडों से पिटाई की। उनके गले में धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और डॉ. को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर मौके पर पहुंची पल्ला थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


Post Comment