फरीदाबाद गांव भांकरी में तेंदुए की दहशत बरकरार

एनसीआर डिजिटल चैनल रविंद्र भाटी

फरीदाबाद। बड़खल क्षेत्र के गांव भांकरी स्थित प्राचीन मंदिर और आसपास के रिहायशी इलाकों में पिछले करीब तीन सप्ताह से तेंदुए का खौफ बना हुआ है। जंगली क्षेत्र में बसे इस आस्था के केंद्र पर तेंदुए की लगातार मौजूदगी ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। हालत यह है कि जिस मंदिर में सुबह-शाम श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता था, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव का यह प्राचीन मंदिर अरावली की पहाड़ियों और घने जंगलों के बीच स्थित है। पिछले 20-25 दिनों से यहां तेंदुआ देखा जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेंदुआ रात के समय पानी की तलाश में मंदिर के पास आता है। इस दौरान वह अब तक कई लावारिश कुत्तों, बकरियों और गाय के बछड़ों को अपना निवाला बना चुका है। मंदिर से कुछ ही दूरी पर आबादी शुरू हो जाती है, जिससे ग्रामीणों को डर है कि वह किसी इंसान पर हमला न कर दे। डर का आलम यह है कि श्रद्धालु अब दिन के उजाले में भी मंदिर जाने से कतरा रहे हैं। मंदिर प्रबंधन और ग्रामीणों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वन्यजीव विभाग को लिखित शिकायत दी थी। विभाग की टीम ने क्षेत्र का मुआयना करने के बाद तेंदुए की आवाजाही वाले रास्ते पर पिंजरा लगा दिया है, ताकि उसे सुरक्षित पकड़कर गहरे जंगल में छोड़ा जा सके।

Post Comment

You May Have Missed