3 नंबर नेहरू कालोनी फरीदाबाद में हजारों घरों पर लटकी तलवार

एनसीआर डिजिटल चैनल रविन्द्र भाटी

हजारों घरों पर लटकी कार्रवाई की तलवार

कई एकड़ क्षेत्र में फैली नेहरू कॉलोनी 3 नंबर पहाड़ी में बड़ी संख्या में मकान बने हुए हैं। प्रशासन इस बस्ती को सरकारी भूमि पर विकसित अवैध कॉलोनी मान रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां करीब दस हजार परिवार निवास करते हैं। ऐसे में कार्रवाई दोबारा शुरू होने पर बड़ी संख्या में मकान प्रभावित हो सकते हैं। लोगों का कहना है कि पुनर्वास की स्पष्ट व्यवस्था के बिना की जा रही कार्रवाई से हजारों परिवारों के सामने आवास और आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल दो दिन की मोहलत ने लोगों को राहत जरूर दी है लेकिन आगे क्या होगा, इसे लेकर पूरी कॉलोनी में चिंता और असमंजस का माहौल बना हुआ है।
वर्जन

तोड़फोड़ की कार्रवाई फिलहाल रुकी हुई है। बृहस्पतिवार को कोई कार्रवाई नहीं की गई। उच्चाधिकारियों के निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -सुरेंद्र हुडा, एसडीओ, नगर निगम फरीदाबाद
हरियाणा फरीदाबाद। नेहरू कॉलोनी में चल रही तोड़फोड़ कार्रवाई के बीच बृहस्पतिवार को प्रशासन का रुख कुछ नरम दिखा। सुबह के समय रास्ते बंद थे लेकिन करीब 8 बजे रास्तों को खोल दिया गया और लोगों को सामान निकालने का समय दिया गया।
वहीं नगर निगम की तरफ से मलबा हटाने का काम जारी रहा। फिलहाल कार्रवाई रोकते हुए निवासियों को अपने घरों से सामान निकालने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई केवल स्थगित हुई है समाप्त नहीं हुई है और आगे के आदेशों के बाद फिर शुरू की जा सकती है। बृहस्पतिवार सुबह नगर निगम का तोड़फोड़ दस्ता भारी पुलिस बल के साथ नेहरू कॉलोनी पहुंचा था। बुधवार को हुई कार्रवाई के बाद पहले से ही डरे-सहमे लोग बड़ी संख्या में अपने घरों के बाहर जमा हो गए। कई परिवारों ने अधिकारियों से गुहार लगाई कि उन्हें घर खाली करने और सामान सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिला है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की मौजूदगी के बीच लोगों ने कार्रवाई का विरोध भी किया। स्थिति को देख प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत की। इसके बाद निर्णय लिया गया कि लोगों को जरूरी सामान, फर्नीचर और घरेलू सामग्री निकालने के लिए कुछ और समय दिया जाए। इसी कारण बृहस्पतिवार को किसी नए मकान पर तोड़फोड़ नहीं की गई और कार्रवाई अस्थायी रूप से रोक दी गई।

Post Comment

You May Have Missed