फरीदाबाद का बी के अस्पताल फिर चर्चा में इस बार शव का पोस्टमार्टम करने के लिए ₹5000 घूस मांगने का लगा आरोप
NCR Digital Channel: Ravinder Bhati
फरीदाबाद बीके अस्पताल में मोर्चरी में तैनात डॉक्टर पर शव का पोस्टमार्टम करने के एवज में ₹5000 की रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना के सामने आने के बाद मृतक के परिजनों में भारी रोष फैल गया और उन्होंने मोर्चरी परिसर में जमकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करने से पहले उनसे पांच हजार रुपये की मांग की। जब परिजनों ने पैसे देने से इनकार किया और इसका विरोध किया तो मामला और बिगड़ गया। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तुरंत कार्रवाई की मांग की।
परिजनों ने पुलिस को शिकायत देते हुए आरोपी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम जैसी संवेदनशील और जरूरी प्रक्रिया में रिश्वत मांगना अमानवीय है और इस पर तुरंत रोक लगनी चाहिए। वहीं इस पूरे मामले पर अस्पताल प्रशासन की ओर से कहा गया है कि उन्हें परिजनों की शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कराई जा रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि यदि जांच में आरोप सही पाए गए तो संबंधित डॉक्टर के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी


Post Comment