देह व्यापार के बड़े रैकेट का भडाफोड़ मामला दर्ज जांच शुरू
एनसीआर डिजिटल चैनल रविंद्र भाटी
हरियाणा पलवल। जिला पुलिस ने शहर में लंबे समय से चल रहे देह व्यापार के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए तीन ओयो होटलों और एक गेस्ट हाउस पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 13 महिलाओं और 11 पुरुषों को हिरासत में लिया है। मामले में शहर थाना व कैंप थाना पुलिस ने अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बस स्टैंड, मीनार गेट सहित अन्य स्थानों पर स्थित दीप, मयूर, वन स्टार ओयो होटल तथा रॉयल लव गेस्ट हाउस में लंबे समय से अवैध देह व्यापार का धंधा संचालित हो रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कीं और डीएसपी मुख्यालय साहिल ढिल्लो को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
बोगस ग्राहक बनाकर किया खुलासा :
पुलिस ने छापेमारी के लिए एक पुलिसकर्मी को बोगस ग्राहक (नकली ग्राहक) बनाकर तैयार किया। उन्हें 500-500 रुपये के हस्ताक्षरित नोट देकर होटलों में भेजा। जैसे ही होटल संचालकों ने पैसे लेकर महिलाओं की व्यवस्था करने की बात स्वीकार की, बोगस ग्राहकों ने मिस कॉल के जरिए पुलिस टीम को संकेत दे दिया। इशारा मिलते ही पुलिस टीमों ने तुरंत दबिश दी।
पहली रेड: रॉयल लव गेस्ट हाउस व वन स्टार ओयो होटल पर :
पहली कार्रवाई में इंस्पेक्टर मुकेश के नेतृत्व में टीम ने रॉयल लव गेस्ट हाउस और वन स्टार ओयो होटल पर छापा मारा। यहां गेस्ट हाउस के काउंटर पर अनुप और ओयो होटल के काउंटर पर सौरभ मौजूद मिले, जो पुलिस को देखकर घबरा गए। कमरों की तलाशी लेने पर दो महिलाएं और दो पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस ने मौके से आठ महिलाओं और पांच पुरुषों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पकड़ी गई महिलाओं को रिहा कर दिया गया। इस मामले में होटल संचालकों की मिलीभगत की आशंका जताते हुए कैंप थाना पुलिस ने अनुप, राहुल, मनीष व सौरभ सहित अन्य के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
दूसरी रेड: दीप व मयूर ओयो होटल पर–
दूसरी कार्रवाई कल्याण शाखा पलवल के इंचार्ज इंस्पेक्टर सोमपाल के नेतृत्व में दीप व मयूर ओयो होटल में की गई। यहां भी पुलिस ने फर्जी ग्राहकों को नंबरी नोट देकर भेजा। दीप ओयो होटल के काउंटर पर लोकेश और मयूर ओयो होटल पर रणवीर मिले, जिन्होंने पैसे ले लिए। इशारा मिलते ही पुलिस ने दबिश दी। तलाशी के दौरान कमरों में दो महिलाएं और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। इस कार्रवाई में आरोपी ऋषि, लोकेश, कपिल, रणवीर, विनोद कुमार और मिंटू सहित पांच महिलाओं को हिरासत में लिया गया। टीम के साथ महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद थीं। पूछताछ के बाद महिलाओं को रिहा कर दिया गया।
आगे भी जारी रहेगा अभियान– एसपी
जिला पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने कहा कि जिले में इस प्रकार के अनैतिक कार्यों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे रैकेट के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Post Comment