अहाते में बैठकर शराब पीने से मना किया युवक को उतारा मौत के घाट
पुलिस ने 15-16 युवकों को हिरासत में लिया
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में 70 से अधिक चोटों के निशान, हत्या के बाद आरोपी वापस जाकर दावत खाने लगे
एनसीआर डिजिटल चैनल रविंद्र भाटी
बल्लभगढ़। सेक्टर-3 हुडा मार्केट में मंगलवार देर रात अहाते के मैनेजर की बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि अहाता बंद होने के बाद आरोपी अहाते में शराब पीने के लिए विवाद कर रहे थे। मैनेजर के मना करने पर विवाद झगड़े में बदल गया। इसके बाद नाराज युवकों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मैनेजर पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। हैरानी की बात यह है कि यह पूरी वारदात पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई।
घटना रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। मृतक के भाई ने बताया कि पहले 2-3 युवक अहाते पर पहुंचे और मैनेजर आदेश यादव से अहाते में बैठकर शराब पीने के लिए कहने लगे, मैनेजर ने इसके लिए मना कर दिया। इसके बाद कुछ देर में 10 से 15 युवक वापस आए और अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने मैनेजर आदेश यादव को घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया, इसके चलते उसको गंभीर चोटें लगी और मौत हो गई
मदद के लिए चिल्लाता रहा भाई
आदेश यादव के भाई सुमित ने पुलिस को रोते हुए बताया कि हमला इतना बर्बर था कि वह लगातार मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन मौके पर कोई भी उसे बचाने नहीं आया। उसने बताया कि वह सेक्टर-86 से कैब के जरिये अपने भाई से मिलने आया था। उसी दौरान पास के सामुदायिक केंद्र में शादी समारोह चल रहा था, जहां सोहना-गुरुग्राम से बारात आई हुई थी। आरोप है कि बारात में आए कुछ युवक पहले विवाद कर गए और फिर साथियों के साथ लौटकर हमला कर दिया। सुमित ने भाई को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावर लगातार वार करते रहे। वारदात के बाद बेखौफ होकर आरोपी पास के सामुदायिक केंद्र में वापस जाकर दावत खाने लगे।
अस्पताल में तोड़ा दम
हमले में आदेश यादव के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सेक्टर-8 स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी हमले की क्रूरता सामने आई है। मृतक के सिर, चेहरे, छाती, कमर, हाथ और पैरों पर छोटी-बड़ी मिलाकर 70 से अधिक चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उस पर किस हद तक हमला किया गया। परिजनों के अनुसार, आदेश यादव पिछले करीब दो वर्षों से सेक्टर-3 स्थित अहाते में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और वहीं रहते थे। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के रहने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी और चार बच्चे हैं, जो गांव में रहते हैं।
15-16 युवकों को हिरासत में लिया, प्राथमिकी दर्ज
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, पास के सामुदायिक केंद्र में सेक्टर-4 प्रेमनगर निवासी एक व्यक्ति की बेटी की शादी थी, जिसमें सोहना के बालूदा गांव से बारात आई हुई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसी रात स्थानीय और बारात में शामिल 15-16 युवकों को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस ने रितिक, आसिफ, आरव, आकाश, कालू, दीपक, रोहित, सचिन, अर्पित, अभिषेक समेत सात-आठ अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साथ ही अहाता व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है


Post Comment