खांसी की जगह पी ली चूहे मारने की दवा युवती की मौत
सेक्टर -8 चौकी क्षेत्र के पटेल नगर में हुई घटना
एनसीआर डिजीटल चैनल रविंद्र भाटी
फरीदाबाद। सेक्टर-8 चौकी क्षेत्र के पटेल नगर में एक युवती ने गलती से जहरीली दवा का सेवन कर लिया, जिससे उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान 18 वर्षीय पलक के रूप में हुई है जिसने खांसी की दवाई समझकर अनजाने में चूहे मारने वाली दवा पी ली थी। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सेक्टर-8 चौकी इंचार्ज प्रदीप कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह बीके नागरिक अस्पताल से युवती की मौत की सूचना प्राप्त हुई थी जिसके बाद पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जरूरी जानकारी जुटाई।
पुलिस जांच और परिजनों के बयानों के अनुसार पलक पिछले दो-तीन दिनों से खांसी से पीड़ित थी और इसके लिए वह अस्पताल से दवाई भी लेकर आई थी। सोमवार को उसने अपनी खांसी की दवा को घर में ही रखी चूहे मारने वाली दवा की शीशी के पास रख दिया था। शाम के समय दवाई लेते वक्त उसने गलती से जहरीली दवा का सेवन कर लिया। दवाई पीने के कुछ ही देर बाद पलक की तबीयत अचानक खराब होने लगी जिसे देख परिजन उसे तुरंत बीके अस्पताल लेकर भागे। डॉक्टरों ने उसे दाखिल कर इलाज शुरू किया लेकिन सोमवार की रात करीब 12:01 बजे उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के पिता संजय पासवान के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।


Post Comment